रांची: झारखंड सरकार ने राज्य की 56 लाख महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की महत्वाकांक्षी योजना, “Maiya Samman Yojana” के तहत सभी लाभार्थी महिलाओं के खाते में 6 जनवरी को 2500 रुपये की राशि हस्तांतरित की जाएगी। इसको लेकर सोमवार को नामकुम के खोजाटोली स्थित आर्मी ग्राउंड में राज्यस्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

“जो कहा सो किया” स्लोगन से सजा रांची
कार्यक्रम को मेगा शो बनाने की तैयारी में जुटी सरकार ने राजधानी रांची को गुलाबी रंग की होर्डिंग्स से सजाया है। इन होर्डिंग्स पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की तस्वीर के साथ लिखा गया है, “जो कहा सो किया”।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सांकेतिक रूप से पांच महिलाओं को राशि प्रदान करेंगे। इसी दौरान सभी लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में राशि ट्रांसफर कर दी जाएगी। इस अवसर पर विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहेंगी।
ये भी पढ़ें – 6 जनवरी को Maiya Samman Yojana का पैसा 56 लाख महिलाओं के खाते में जाएंगे ?
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और संवाद का आयोजन
कार्यक्रम में स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लाभुक महिलाओं से संवाद भी करेंगे और उनकी समस्याओं को सुनेंगे।
जनवरी में महिलाओं के खाते में आएंगे 5000 रुपये
राज्य सरकार ने दिसंबर 2024 और जनवरी 2025 की राशि को दो चरणों में हस्तांतरित करने की योजना बनाई है। दिसंबर की राशि 6 जनवरी को और जनवरी की राशि 11 जनवरी को लाभार्थियों के खाते में पहुंचाई जाएगी।
बीडीओ-सीओ को दिए गए निर्देश
महिलाओं को योजना का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी बीडीओ और सीओ को विशेष निर्देश दिए गए हैं। प्रखंड और अंचल कार्यालयों में आवेदनों के समय पर निपटारे और शिकायतों के समाधान की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
चार किस्तें मिल चुकी हैं
अब तक महिलाओं को चार किस्तों में राशि दी जा चुकी है। ट्रायल के तौर पर कुछ महिलाओं को 27-28 दिसंबर को भी राशि हस्तांतरित की गई थी।
साहिबगंज, गिरिडीह और रांची से बड़ी भागीदारी
कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न जिलों से तीन से चार लाख महिलाओं के पहुंचने की संभावना है। साहिबगंज, गिरिडीह और रांची से सबसे अधिक संख्या में महिलाएं शामिल होंगी।
झारखंड सरकार का यह कदम महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें- प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना 2025-26 तक बढ़ाई गई, किसानों को मिलेगा राहत